भारत-जापान के संयुक्त हवाई अभ्यास Veer Guardian-2026 के दौरान एक तस्वीर ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया। जापान एयर सेल्फ-डिफेंस फोर्स के चीफ ऑफ स्टाफ जनरल टेकहिरो मोरिता की तस्वीरों में उनकी जेब में IndiGo का एयरसिकनेस बैग जैसा एक पैकेट नजर आया। भारतीय वायुसेना ने 20 सितंबर को अभ्यास से जुड़ी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की थीं।


तस्वीरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने जनरल मोरिता की जेब में दिख रहे बैग को लेकर प्रतिक्रियाएं दीं। कई लोगों ने सवाल किया कि क्या यह वास्तव में IndiGo का एयरसिकनेस बैग है। कुछ यूजर्स ने इस घटना को भारतीय एयरलाइन के लिए एक अनोखे अंतरराष्ट्रीय ब्रांड एक्सपोजर के तौर पर भी देखा।


जनरल टेकहिरो मोरिता और भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने राजस्थान के जोधपुर स्थित एयर फोर्स स्टेशन का दौरा किया और स्वदेशी तेजस लड़ाकू विमान में उड़ान भी भरी।


Veer Guardian-2026 का आयोजन 9 से 22 सितंबर तक किया जा रहा है। यह पहली बार है जब जापानी लड़ाकू विमान भारत की जमीन से किसी द्विपक्षीय हवाई अभ्यास में शामिल हुए हैं। अभ्यास में भारतीय वायुसेना के तेजस, Su-30MKI और राफेल तथा जापान के F-2A लड़ाकू विमान हिस्सा ले रहे हैं।


14 दिनों के इस अभ्यास का उद्देश्य दोनों देशों के बीच हवाई संचालन, मिशन प्लानिंग, इंजीनियरिंग और एयरोस्पेस सुरक्षा से जुड़े अनुभव साझा करना है।