उत्तर प्रदेश के इटावा में AIMIM कार्यकर्ताओं ने आजम खान के हैदराबादी बिरयानी वाले बयान का अनोखे अंदाज में जवाब दिया। पार्टी के जिलाध्यक्ष शमशाद हुसैन वारसी ने कटरा शमशेर खां स्थित एक मदरसे में हैदराबादी बिरयानी बनवाई और करीब 500 लोगों को बांटी। इस कार्यक्रम का वीडियो भी सामने आया है। दरअसल, आजम खान ने असदुद्दीन ओवैसी पर निशाना साधते हुए कहा था कि उत्तर प्रदेश में हैदराबादी बिरयानी पसंद नहीं की जाती। यहां के लोग पुलाव और मटन बिरयानी खाना पसंद करते हैं। उनके इस बयान को यूपी में AIMIM की राजनीतिक सक्रियता से जोड़कर देखा गया।
आजम खान की टिप्पणी के बाद AIMIM जिलाध्यक्ष शमशाद हुसैन वारसी ने बिरयानी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा और उसे बीजेपी की बी टीम बताया। वारसी का कहना था कि राजनीति खाने की पसंद के बजाय जनता के मुद्दों और अधिकारों पर होनी चाहिए। वहीं, असदुद्दीन ओवैसी भी आजम खान के बयान पर प्रतिक्रिया दे चुके हैं। उन्होंने कहा था कि उत्तर प्रदेश में उनकी राजनीति का मकसद बिरयानी नहीं, बल्कि लोगों को न्याय दिलाना है। उन्होंने मुजफ्फरनगर दंगों के दौरान राहत शिविरों में जाने और पीड़ित परिवारों से मिलने का भी जिक्र किया था।
इस पूरे घटनाक्रम को उत्तर प्रदेश की आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। AIMIM राज्य में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है। ऐसे में आजम खान और ओवैसी के बीच बयानबाजी ने प्रदेश की सियासत में एक नई चर्चा शुरू कर दी
है।


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.