बिहार के पूर्व पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार को राज्य का नया मुख्य सूचना आयुक्त नियुक्त किया गया है। बिहार सरकार ने 26 सितंबर को उनकी नियुक्ति की अधिसूचना जारी की। इससे पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी की बैठक में उनके नाम पर सहमति बनी थी।
विनय कुमार मूल रूप से बिहार के वैशाली जिले के महुआ क्षेत्र स्थित रामपुरानी गांव के रहने वाले हैं। शुरुआती शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने IIT खड़गपुर से इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की। इसके बाद उन्होंने भारतीय पुलिस सेवा में प्रवेश किया। वह 1991 बैच के बिहार कैडर के IPS अधिकारी हैं।
अपने लंबे पुलिस करियर में विनय कुमार ने गोपालगंज, कटिहार, मुंगेर, मोतिहारी, बेतिया और बेगूसराय सहित कई जिलों में SP की जिम्मेदारी संभाली। वह दरभंगा के DIG और दरभंगा तथा भागलपुर जोन के IG भी रहे।
पुलिस मुख्यालय में उन्होंने ADG CID और ADG लॉ एंड ऑर्डर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर काम किया। दिसंबर 2024 में उन्होंने आलोक राज की जगह बिहार के DGP का पद संभाला।
सितंबर 2026 में उनके अवकाश पर जाने के बाद वरिष्ठ IPS अधिकारी प्रीता वर्मा को DGP का अतिरिक्त प्रभार दिया गया। अब मुख्य सूचना आयुक्त के रूप में विनय कुमार सूचना के अधिकार से जुड़े मामलों की सुनवाई और आयोग के कामकाज की जिम्मेदारी संभालेंगे।


