आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की नई फिल्म ‘उड़ता तीर’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। फिल्म में आयुष्मान एक पाकिस्तानी जासूस का किरदार निभा रहे हैं, जो धमाके के बाद अपनी याददाश्त खो देता है।
आकाश ए कौशिक के निर्देशन में बनी ‘उड़ता तीर’ एक्शन, कॉमेडी और पहचान की उलझन वाली कहानी लेकर आ रही है। ट्रेलर की सबसे दिलचस्प बात आयुष्मान का किरदार बिलाल है। वह पाकिस्तान का जासूस है, लेकिन याददाश्त जाने के बाद खुद को भारतीय आतंकवाद विरोधी अधिकारी समझने लगता है। इसके बाद कहानी में गलत पहचान, एक्शन और कॉमेडी का सिलसिला शुरू हो जाता है।
ट्रेलर में बिलाल को एक देशभक्त अधिकारी की तरह दिखाया गया है, जबकि उसके पाकिस्तानी साथी यह समझने की कोशिश करते नजर आते हैं कि उनके सबसे खास एजेंट के साथ आखिर हुआ क्या है। सारा अली खान फिल्म में सीटीएस एजेंट की भूमिका निभा रही हैं और आयुष्मान के साथ उनकी जोड़ी कहानी में एक और ट्विस्ट जोड़ती है।
‘उड़ता तीर’ आयुष्मान और सारा की दूसरी साथ में फिल्म है। इससे पहले दोनों ‘पति पत्नी और वो 2’ में नजर आए थे। फिल्म में राम कपूर, राहुल बोस, गुलशन ग्रोवर, मुकुल देव और सुहैल नैयर भी अहम भूमिकाओं में हैं।
धर्मा प्रोडक्शंस और सिखिया एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी यह फिल्म 9 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ट्रेलर से साफ है कि फिल्म में कॉमेडी के साथ एक्शन और जासूसी का तड़का भी देखने को मिलेगा।