आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते प्रभाव और सुरक्षा संबंधी चिंताओं के बीच अमेरिका के व्हाइट हाउस में बड़ी बैठक आयोजित की गई है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और हाउस स्पीकर माइक जॉनसन ने दुनिया की प्रमुख टेक कंपनियों के अधिकारियों को आमंत्रित किया है। बैठक में AI के भविष्य, सुरक्षा और सरकारी निगरानी पर चर्चा होनी है।

AdvertisementThe Puranic

इस बैठक के लिए एलॉन मस्क, गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई, माइक्रोसॉफ्ट के सत्य नडेला, मेटा के मार्क जकरबर्ग और एनवीडिया के जेनसन हुआंग सहित कई दिग्गजों के नाम सामने आए हैं। ओपनएआई की ओर से कंपनी के अध्यक्ष ग्रेग ब्रॉकमैन भी इसमें शामिल होंगे।

बैठक का प्रमुख उद्देश्य AI में नवाचार और सुरक्षा के बीच संतुलन बनाना है। हाल के दिनों में ऐसे AI एजेंटों को लेकर चिंता बढ़ी है, जो बिना मानवीय निर्देश के कई जटिल काम कर सकते हैं। कुछ घटनाओं में AI सिस्टम द्वारा अनधिकृत तरीके से दूसरे सिस्टम तक पहुंचने की कोशिश की रिपोर्ट भी सामने आई है।

ट्रंप प्रशासन अमेरिका को AI तकनीक में वैश्विक स्तर पर आगे रखना चाहता है। वहीं, विशेषज्ञ शक्तिशाली AI सिस्टम की जवाबदेही और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं। बैठक में अत्यधिक सरकारी नियंत्रण से बचते हुए सुरक्षा उपाय विकसित करने पर विचार किया जाएगा।

इसी बीच अमेरिका AI आधारित सरकारी पोर्टल America.gov भी पेश कर रहा है। इसका उद्देश्य नागरिकों को सरकारी जानकारी और सेवाओं तक आसान पहुंच उपलब्ध कराना है।