राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने आतंकी साजिश मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए असम, पश्चिम बंगाल और केरल में 16 ठिकानों पर छापेमारी की है। रिपोर्ट के मुताबिक, प्रतिबंधित संगठन जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश (JMB) से जुड़े इमाम महमुदर काफिला (IMK) मामले में 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
29 सितंबर को हुई कार्रवाई में असम के 10, पश्चिम बंगाल के पांच और केरल के एक ठिकाने की तलाशी ली गई। गिरफ्तार आरोपियों में आठ असम, चार पश्चिम बंगाल और एक केरल से हैं। छापेमारी के दौरान मोबाइल फोन, पेन ड्राइव, मेमोरी कार्ड और अन्य डिजिटल उपकरण बरामद किए गए।
NIA के अनुसार, IMK पर भारत में अपना नेटवर्क बढ़ाने और युवाओं को कट्टरपंथ की ओर आकर्षित करने का आरोप है। जांच में सामने आया कि संगठन कथित तौर पर गुप्त बैठकों, कट्टरपंथी साहित्य और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए अपनी गतिविधियां चला रहा था।
एजेंसी का आरोप है कि बांग्लादेश स्थित हैंडलर्स ऑनलाइन माध्यमों से युवाओं को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे थे। इसके लिए पूर्व आकाश नाम के टेलीग्राम ग्रुप का भी इस्तेमाल किया गया। जांच एजेंसी ने असम और त्रिपुरा सहित पूर्वोत्तर राज्यों में संगठन की गतिविधियों की पड़ताल की है।
इस मामले में 10 आरोपी अभी फरार बताए गए हैं, जिनमें एक भारतीय और नौ बांग्लादेशी नागरिक शामिल हैं। इससे पहले दिसंबर 2025 में असम पुलिस ने 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। NIA अब बरामद डिजिटल साक्ष्यों और संदिग्ध संपर्कों की जांच कर रही है।


