दिल्ली में सड़क निरीक्षण के दौरान हुए थप्पड़ विवाद में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा के खिलाफ नॉन-कॉग्निजेबल रिपोर्ट (NCR) दर्ज की गई है। वहीं, आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह के खिलाफ भी पीडब्ल्यूडी इंजीनियरों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज हुई है।

AdvertisementThe Puranic

यह मामला रविवार को दिल्ली में सड़क निरीक्षण के दौरान सामने आया था। साहिब सिंह नाम का युवक सड़क निर्माण और उसकी गुणवत्ता से जुड़े मुद्दों पर वीडियो बना रहा था। इसी दौरान निरीक्षण करने पहुंचे मंत्री प्रवेश वर्मा से उसकी कहासुनी हो गई। मंत्री पर युवक को थप्पड़ मारने का आरोप है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

साहिब सिंह की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने प्रवेश वर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115 के तहत NCR दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दूसरी ओर, पीडब्ल्यूडी इंजीनियरों ने AAP विधायक जरनैल सिंह के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने, डराने और धमकाने की शिकायत दर्ज कराई है। इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।

विवाद पर सफाई देते हुए प्रवेश वर्मा ने कहा कि जरनैल सिंह के एक कार्यकर्ता ने उनके परिवार के खिलाफ अपशब्द कहे थे। उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया को उसी घटना से जोड़ा।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद दिल्ली की राजनीति में विवाद बढ़ गया है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।