पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहट में 18 सितंबर को हुए आत्मघाती हमले की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। पाकिस्तान की बम डिस्पोजल यूनिट (BDU) की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस लाइन पर हुए हमले में 869 किलोग्राम से ज्यादा विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया था। यह हमला उस समय हुआ था, जब पास की मस्जिद में जुमे की नमाज चल रही थी।
रिपोर्ट के अनुसार, हमलावर विस्फोटकों से भरी गाड़ी लेकर पुलिस लाइन पहुंचे थे। धमाके के बाद हथियारबंद हमलावर परिसर में घुसे और स्पेशल ब्रांच की इमारत में मोर्चा संभाल लिया। इसके बाद पुलिस, एलीट फोर्स, काउंटर टेररिज्म डिपार्टमेंट और सुरक्षा बलों ने संयुक्त अभियान चलाया, जो करीब 21 घंटे तक चला।
जांच के दौरान स्पेशल ब्रांच की इमारत के अंदर भी विस्फोटक सामग्री मिली। BDU के मुताबिक, ग्राउंड फ्लोर से दो IED बरामद किए गए, जबकि पहली मंजिल से एक सुसाइड जैकेट मिली, जिसमें चार और IED थे। विस्फोट से करीब 6.6 फीट लंबा और 11 फीट चौड़ा गड्ढा बना, जिसकी गहराई लगभग 4.6 फीट बताई गई है।
पाकिस्तानी अधिकारियों के अनुसार, हमले में कई पुलिसकर्मियों और नागरिकों की मौत हुई। बाद की रिपोर्टों में मृतकों की संख्या 25 तक पहुंचने की जानकारी दी गई है। सभी हमलावरों के मारे जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि, हमले की जिम्मेदारी और इसमें शामिल संगठन को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं।