उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में सरकारी स्कूलों के निरीक्षण को लेकर मंगलवार को विवाद सामने आया। ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के तहत सरकारी स्कूल का दौरा करने पहुंची कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक सौरभ दास और उनकी टीम का कुछ स्थानीय लोगों ने विरोध किया। स्थानीय लोगों ने टीम को स्कूल में प्रवेश करने से रोकते हुए कहा कि उनके इलाके के स्कूल में सब कुछ ठीक है।


सौरभ दास ने आरोप लगाया कि टीम के पहुंचने से पहले कुछ स्कूलों को बंद कर दिया गया था, ताकि उनका निरीक्षण नहीं हो सके। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में उत्तर प्रदेश सरकार पर टीम की गतिविधियों पर रोक लगाने और कथित तौर पर निगरानी किए जाने का आरोप भी लगाया। दास ने बिना नंबर प्लेट वाली एक कार की तस्वीर साझा कर दावा किया कि टीम का पीछा किया जा रहा था।


यह विवाद गौतम बुद्ध नगर में CJP के पहले किए गए स्कूल निरीक्षण के बाद सामने आया है। संगठन ने दावा किया था कि निरीक्षण के बाद कुछ अन्य स्कूलों में प्रवेश नहीं दिया गया और स्कूलों को बंद करने के निर्देश दिए गए।


हालांकि, गौतम बुद्ध नगर के बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने स्कूल बंद किए जाने के दावे को गलत और भ्रामक बताया था। शिक्षा विभाग के मुताबिक सरकारी प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय निर्धारित समय के अनुसार चल रहे हैं और स्कूल बंद करने का कोई आदेश जारी नहीं हुआ था।