ओमान के पास भारत जा रहे जहाज MV Cape Dao पर हुए हमले में एक भारतीय नाविक की मौत हो गई। मस्कट स्थित भारतीय दूतावास ने बुधवार को घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि वह स्थानीय अधिकारियों और RPSL एजेंसी के साथ मिलकर स्थिति पर नजर रख रहा है। दूतावास ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना जताई और सहायता का भरोसा दिया है।


फॉरवर्ड सीमेन यूनियन ऑफ इंडिया (FSUI) ने मृतक नाविक की पहचान उत्तर प्रदेश के देवरिया निवासी सूरज यादव के रूप में की है। यूनियन के मुताबिक, वह जहाज पर वाइपर के पद पर तैनात थे।


दूतावास ने बताया कि जहाज पर 19 भारतीय नागरिकों समेत चालक दल के सदस्य मौजूद थे। वहीं, FSUI के अनुसार जहाज पर कुल 28 सदस्य सवार थे, जिनमें 20 भारतीय शामिल थे। दोनों आंकड़ों में अंतर है।


FSUI ने दावा किया कि जहाज को दो टॉरपीडो से निशाना बनाया गया। इनमें से एक जहाज के सी-डेक के आवासीय हिस्से के बाईं ओर और दूसरा इंजन रूम के पास पतवार के बाईं ओर लगा। हमले के बाद चालक दल की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।


भारतीय दूतावास ने कहा कि वह ओमानी अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है और चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की कोशिश की जा रही है। वहीं, नाविक संघ ने हमले की जवाबदेही तय करने, सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित करने और प्रभावित नाविकों के लिए न्याय की मांग की है।