पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान जिले के मंगलकोट में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। पालिशग्राम गांव की एक मस्जिद के इमाम पियार मोहम्मद शेख को NIA की टीम ने हिरासत में लिया। एजेंसी उनसे प्रतिबंधित आतंकी संगठन जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश (JMB) के कथित लिंक को लेकर पूछताछ कर रही है।

AdvertisementThe Puranic


जानकारी के मुताबिक, NIA की चार सदस्यीय टीम मंगलवार तड़के करीब 4:30 बजे पालिशग्राम के पुरापाड़ा इलाके में स्थित बड़ो मस्जिद पहुंची। सुबह की नमाज के बाद इमाम के बाहर निकलते ही अधिकारियों ने उन्हें हिरासत में लिया और मंगलकोट थाने ले गए। टीम ने कार्रवाई के दौरान उनका मोबाइल फोन और डायरी भी अपने कब्जे में ली।


जांच एजेंसी को पियार मोहम्मद शेख के JMB के ऑफशूट संगठन 'इमाम महमूदर काफिला' (IMK) से कथित संबंध होने का शक है। NIA यह भी जांच कर रही है कि उनके संपर्क असम या दूसरे राज्यों में मौजूद किसी नेटवर्क से थे या नहीं। हालांकि, उनकी भूमिका को लेकर जांच अभी जारी है और आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।


यह कार्रवाई IMK से जुड़े मामले में NIA की व्यापक जांच के बीच हुई है। एजेंसी ने 29 सितंबर को पश्चिम बंगाल, असम और केरल में कई ठिकानों पर कार्रवाई कर 13 आरोपियों को गिरफ्तार करने की जानकारी दी थी। मामले में डिजिटल उपकरण भी बरामद किए गए हैं।