ईरान और अमेरिका के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर जारी तनाव के बीच ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने नई चेतावनी दी है। उन्होंने दावा किया है कि ईरानी सेना ने अपने दक्षिणी समुद्री क्षेत्र से दुश्मन की सेनाओं को पीछे धकेल दिया है और जल्द ही अरब सागर से भी उन्हें बाहर कर दिया जाएगा।
सोमवार, 28 सितंबर को अपने टेलीग्राम चैनल पर जारी संदेश में खामेनेई ने कहा कि ईरानी लड़ाकों और होर्मुज की रक्षा करने वाले सैनिकों ने विरोधी सेनाओं को भारी नुकसान पहुंचाया है। उनके मुताबिक, विदेशी सेनाएं अब अरब सागर से आगे ईरानी जलक्षेत्र की ओर बढ़ने का साहस नहीं कर रही हैं।
ईरान के सेक्रेड डिफेंस वीक के अवसर पर जारी संदेश में उन्होंने दावा किया कि युद्ध शुरू होने के बाद ईरान की सैन्य क्षमताएं मजबूत हुई हैं। उन्होंने यह भी कहा कि विरोधी शक्तियां अब ईरानी हमलों से बचने और युद्ध समाप्त करने के रास्ते तलाश रही हैं। हालांकि, इन सैन्य दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
इससे पहले खामेनेई के सैन्य सलाहकार याह्या रहीम सफवी ने चेतावनी दी थी कि अमेरिका या इजरायल के नए हमलों की स्थिति में संघर्ष हिंद महासागर तक फैल सकता है।
यह बयान ऐसे समय आया है, जब होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने और समुद्री आवाजाही बहाल करने को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच गतिरोध बना हुआ है। इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग पर तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय तेल आपूर्ति और वैश्विक व्यापार पर भी पड़ रहा है।


