उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में करीब 88 करोड़ रुपये की लागत से बने फ्लाईओवर पर सुरंग जैसा बड़ा गड्ढा बनने का मामला सामने आया है। बारिश के बाद सड़क की हालत देखकर राहगीर भी हैरान रह गए। एक व्यक्ति ने हादसे से बचाने के लिए गड्ढे के पास लकड़ी पर अपनी लाल शर्ट टांग दी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

AdvertisementThe Puranic

यह फ्लाईओवर बहराइच-दिल्ली नेशनल हाईवे 730 पर गोला गोकर्णनाथ के पास रेलवे ट्रैक के ऊपर बनाया गया है। इलाके में लगातार तीन दिनों तक हुई भारी बारिश के बाद सड़क का एक हिस्सा धंस गया। गड्ढे के आसपास की सड़क भी प्रभावित दिखाई दी।

वीडियो वायरल होने के बाद नेशनल हाईवे से जुड़े अधिकारी और निर्माण कंपनी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित हिस्से का निरीक्षण कर मरम्मत शुरू कर दी। इस घटना के बाद फ्लाईओवर की सुरक्षा और निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

निर्माण कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर आशीष ने बताया कि बारिश के कारण पानी निकलने से मिट्टी का सेटलमेंट हुआ, जिससे सड़क पर गड्ढा बन गया। उनके अनुसार, यह किसी बड़े संरचनात्मक फेलियर का मामला नहीं है।

प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया कि प्रभावित हिस्से में डीबीएम का पत्थर डालकर मरम्मत की जाएगी। इसके बाद सड़क को दो से तीन दिन तक ऐसे ही रखा जाएगा। उन्होंने करीब एक सप्ताह में सड़क को दोबारा साफ और सुरक्षित करने का दावा किया है। फिलहाल मरम्मत जारी है।