हॉलीवुड के मशहूर एक्शन स्टार जैकी चैन की मौत की खबर ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी। पिछले दो दिनों से इंटरनेट पर दावा किया जा रहा था कि 72 वर्षीय अभिनेता का निधन हो गया है। हालांकि, जांच में यह खबर पूरी तरह फर्जी निकली। जैकी चैन जीवित हैं और अपने आगामी प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे हैं।
दरअसल, सोशल मीडिया पर जैकी चैन की एक ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर वायरल हुई, जिस पर 1954-2026 लिखा था। इस तस्वीर को देखकर कई लोगों ने मान लिया कि अभिनेता की मौत हो गई है। अब्दुल नाम के एक यूजर की पोस्ट को लाखों लोगों ने देखा और कई प्रशंसकों ने बिना पुष्टि किए श्रद्धांजलि देना शुरू कर दिया।
वायरल पोस्ट में लिखा था कि जैकी चैन 71 साल की उम्र पार करके अब 72 साल के हो गए हैं। लेकिन तस्वीर और अंग्रेजी शब्दों के गलत अर्थ ने लोगों के बीच भ्रम पैदा कर दिया। बाद में पोस्ट पर लगे कम्युनिटी नोट में स्पष्ट किया गया कि अभिनेता की मौत की खबर झूठी है।
जैकी चैन जुलाई 2026 में सिंगापुर के एक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में नजर आए थे। वहां उन्होंने 900 से ज्यादा छात्रों और शिक्षकों से मुलाकात की थी।
अभिनेता अपने फिल्मी करियर में भी सक्रिय हैं। उनकी लोकप्रिय फिल्म फ्रेंचाइजी 'रश आवर' की चौथी फिल्म की तैयारियां चल रही हैं। जैकी चैन इससे पहले भी मौत की झूठी अफवाहों का शिकार हो चुके हैं। यह घटना सोशल मीडिया पर किसी भी खबर को साझा करने से पहले उसकी पुष्टि करने की जरूरत याद दिलाती है।


