भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण संबंधों के बावजूद दोनों देशों के अधिकारी एक बार फिर एक ही मंच पर नजर आ रहे हैं। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में 28 से 30 सितंबर तक शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की नेशनल कोऑर्डिनेटर्स काउंसिल की बैठक आयोजित की जा रही है। इसमें भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव आलोक डिमरी कर रहे हैं।

AdvertisementThe Puranic

पाकिस्तान ने सितंबर 2026 में किर्गिस्तान से SCO की काउंसिल ऑफ हेड्स ऑफ स्टेट की अध्यक्षता संभाली थी। इसके बाद यह उसकी अध्यक्षता में आयोजित पहली प्रमुख बैठक है। इसमें सदस्य देशों के प्रतिनिधि आगामी कार्यक्रमों और बैठकों के कैलेंडर पर चर्चा कर रहे हैं।

बैठक का मुख्य उद्देश्य अगस्त 2027 में इस्लामाबाद में प्रस्तावित SCO शिखर सम्मेलन की तैयारियों को आगे बढ़ाना है। पाकिस्तान सभी सदस्य देशों के नेताओं को आमंत्रित करेगा, जिनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हैं। हालांकि, मोदी के पाकिस्तान जाने को लेकर अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है।

भारत इस बैठक में आतंकवाद के खिलाफ सामूहिक कार्रवाई और क्षेत्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर अपना पक्ष रखेगा। साथ ही आर्थिक सहयोग और क्षेत्रीय संपर्क से जुड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा होगी। भारत पहले भी स्पष्ट कर चुका है कि संपर्क परियोजनाओं में सभी देशों की संप्रभुता का सम्मान होना चाहिए।

इससे पहले अक्टूबर 2024 में विदेश मंत्री एस. जयशंकर SCO की बैठक में हिस्सा लेने इस्लामाबाद गए थे। जुलाई 2026 में भी भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने पाकिस्तान में आयोजित सीमा सुरक्षा संबंधी बैठक में भाग लिया था।