पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की रिहाई की मांग को लेकर प्रस्तावित इस्लामाबाद मार्च की तारीख बदल दी गई है। उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) ने 27 सितंबर को होने वाला विरोध प्रदर्शन अब 4 अक्टूबर तक टालने का फैसला किया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, सरकार की ओर से लगाए गए प्रतिबंधों के कारण यह निर्णय लिया गया है।

AdvertisementThe Puranic

PTI ने इमरान खान की रिहाई के लिए सरकार पर दबाव बनाने के उद्देश्य से इस्लामाबाद तक लॉन्ग मार्च की घोषणा की थी। हालांकि, प्रदर्शन रोकने के लिए प्रशासन ने राजधानी और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। कई प्रमुख सड़कों पर कंटेनर लगाए गए हैं और आवाजाही पर प्रतिबंध लगाए गए हैं।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, मार्च टालने का फैसला एक बैठक में लिया गया। खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी इसकी औपचारिक घोषणा करेंगे।

इससे पहले अफरीदी ने पेशावर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा था कि सरकारी प्रतिबंधों के बावजूद पार्टी अपना मार्च जारी रखेगी। उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण होगा और समर्थक किसी भी परिस्थिति में पीछे नहीं हटेंगे।

73 वर्षीय इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में हैं। वह फिलहाल रावलपिंडी की उच्च सुरक्षा वाली अदियाला जेल में बंद हैं। उनकी पार्टी लगातार उनकी रिहाई की मांग कर रही है।

मार्च से पहले पुलिस ने इमरान खान की बहन अलीमा खान को भी गिरफ्तार किया था। वहीं, पाकिस्तान सरकार ने सार्वजनिक सुरक्षा का हवाला देते हुए प्रदर्शन रोकने के लिए सख्त कदम उठाए हैं।