पाकिस्तान के स्पिनर अबरार अहमद ने आईसीसी टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में बड़ी छलांग लगाई है। ताजा रैंकिंग में अबरार 736 रेटिंग पॉइंट्स के साथ दुनिया के नंबर-1 टी20 गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान को पीछे छोड़ा है। राशिद 735 पॉइंट्स के साथ दूसरे स्थान पर हैं। दोनों खिलाड़ियों के बीच सिर्फ एक अंक का अंतर है।
अबरार के लिए यह बड़ी उपलब्धि है। पाकिस्तान के लिए लगातार अच्छे प्रदर्शन का फायदा उन्हें रैंकिंग में मिला है। वहीं ऑस्ट्रेलिया के एडम जैम्पा 700 पॉइंट्स के साथ तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। इंग्लैंड के आदिल राशिद चौथे और ऑस्ट्रेलिया के नाथन एलिस पांचवें स्थान पर हैं।
भारतीय गेंदबाजों की बात करें तो वरुण चक्रवर्ती को नुकसान हुआ है। वह 617 पॉइंट्स के साथ सातवें स्थान पर हैं। वहीं तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह 10वें पायदान पर हैं। पाकिस्तान के मोहम्मद नवाज 8वें स्थान पर मौजूद हैं।
बल्लेबाजों की रैंकिंग में भारत का दबदबा कायम है। ईशान किशन 901 रेटिंग पॉइंट्स के साथ नंबर-1 टी20 बल्लेबाज हैं, जबकि अभिषेक शर्मा दूसरे स्थान पर हैं। पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान 848 पॉइंट्स के साथ तीसरे नंबर पर हैं।