गुजरात के मेहसाणा से अमेरिका जाने के लिए निकले तीन रिश्तेदार इथियोपिया पहुंचने के बाद लापता हो गए हैं। परिवार का दावा है कि तीनों का कथित तौर पर अपहरण किया गया है और उनकी रिहाई के बदले 1 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

AdvertisementThe Puranic


लापता लोगों की पहचान मेहसाणा के वडसमा गांव के रित्विक जंसारी, गोजरिया की ममता चावड़ा और गांधीनगर की मयूरी के तौर पर हुई है। तीनों 20 सितंबर को अमेरिका जाने के लिए गुजरात से निकले थे। परिवार के मुताबिक, अमेरिकी वीजा हासिल करने में परेशानी के बाद उन्होंने एजेंटों के जरिए अवैध माइग्रेशन रूट अपनाया था। इस यात्रा के लिए एजेंट को प्रति व्यक्ति करीब 60 से 75 लाख रुपये देने की बात हुई थी।


तीनों गुजरात से राजस्थान और जयपुर होते हुए अबू धाबी पहुंचे। इसके बाद उन्हें इथियोपिया ले जाया गया। परिवार के अनुसार, 22 सितंबर को ममता ने फोन पर कनाडा पहुंचने की जानकारी दी थी, लेकिन इसके बाद तीनों से संपर्क टूट गया। बाद में 'खान' नाम के एक व्यक्ति ने परिवार से संपर्क कर 1 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी।


परिवार और एजेंट के दावों के मुताबिक, अब तक करीब 60 लाख रुपये दिए जा चुके हैं, लेकिन फिर भी अतिरिक्त फिरौती की मांग जारी है। पुलिस एजेंटों की भूमिका, तीनों के इथियोपिया पहुंचने के बाद की गतिविधियों और फिरौती कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान की जांच कर रही है।