भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज दीपक चाहर के साथ चोरी की घटना सामने आई है। प्रैक्टिस ग्राउंड से उनके तीन महंगे बल्ले चोरी हो गए, जिनकी कुल कीमत करीब 1.5 लाख रुपये बताई गई है। क्रिकेटर ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर इस घटना की जानकारी दी और मजाकिया अंदाज में अपनी परेशानी जाहिर की।
दीपक चाहर ने बताया कि उनके तीनों प्लेयर एडिशन बैट अभ्यास के मैदान से गायब हो गए। उन्होंने कहा कि चोरी करने वाले व्यक्ति को शायद इन बल्लों की असली कीमत का अंदाजा भी नहीं होगा। अब वह इन्हें बेच सकता है या टेनिस बॉल से क्रिकेट खेलने में इस्तेमाल कर सकता है।
वीडियो में चाहर ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अब उनके पास कई विकल्प हैं। वह पुलिस में शिकायत कर सकते हैं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास जा सकते हैं या फिर भगवान से प्रार्थना कर सकते हैं।
उन्होंने बल्ले चुराने वाले व्यक्ति से इन्हें वापस करने की अपील भी की। चाहर ने कहा कि अगर उसे पैसों की जरूरत थी, तो वह उनसे सीधे पैसे मांग सकता था। उन्होंने अपने प्रशंसकों से भी पूछा कि ऐसी स्थिति में उन्हें क्या करना चाहिए।
दीपक चाहर फिलहाल भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। उन्होंने भारत के लिए 13 वनडे और 25 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। वनडे में उनके नाम 16 और टी20 में 31 विकेट दर्ज हैं। वह आईपीएल में मुंबई इंडियंस का हिस्सा हैं। उनके बल्ले चोरी होने का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है।


