छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा परीक्षा 2025 के तहत होने वाले दस्तावेज सत्यापन और इंटरव्यू को स्थगित कर दिया है। यह प्रक्रिया 20 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होनी थी। आयोग ने फिलहाल इसके लिए ‘अपरिहार्य परिस्थितियों’ का हवाला दिया है और नई तारीखों की घोषणा बाद में करने की बात कही है। 

CGPSC राज्य सेवा परीक्षा 2025 के जरिए छत्तीसगढ़ सरकार के 20 विभागों में कुल 265 पदों पर भर्ती की जानी है। लिखित परीक्षा के बाद दस्तावेज सत्यापन और इंटरव्यू चयन प्रक्रिया का अहम चरण है। अब अभ्यर्थियों को नई तारीखों का इंतजार करना होगा। आयोग ने उम्मीदवारों को अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट देखते रहने की सलाह दी 


इंटरव्यू स्थगित होने का फैसला ऐसे समय आया है, जब कांग्रेस और कुछ उम्मीदवारों की ओर से परीक्षा की मूल्यांकन और शॉर्टलिस्टिंग प्रक्रिया में अधिक पारदर्शिता की मांग की जा रही थी। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने इंटरव्यू टालने की मांग करते हुए मूल्यांकन की गई उत्तरपुस्तिकाएं उपलब्ध कराने, मॉडल आंसर जारी करने और उत्तरपुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन जैसी मांगें उठाई थीं। 


कांग्रेस ने उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन में कथित गड़बड़ियों और इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों की संख्या को लेकर सवाल उठाए हैं। वहीं, बीजेपी ने इन आरोपों को खारिज किया है। पार्टी की ओर से कहा गया है कि आयोग ने न्यूनतम योग्यता अंक निर्धारित किए हैं और मूल्यांकन विषय विशेषज्ञों द्वारा उम्मीदवारों की पहचान गोपनीय रखते हुए किया गया। 

फिलहाल CGPSC ने इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन की नई तारीख जारी नहीं की है। उम्मीदवारों को अगली आधिकारिक सूचना का इंतजार करना होगा।