केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 10वीं और 12वीं के सैंपल क्वेश्चन पेपर और मार्किंग स्कीम जारी कर दी है। बोर्ड की ओर से ये सामग्री आगामी 2027 बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए उपलब्ध कराई गई है। छात्र विषयवार सैंपल पेपर और मार्किंग स्कीम CBSE की आधिकारिक अकादमिक वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं।
सैंपल पेपर के जरिए छात्रों को बोर्ड परीक्षा में पूछे जाने वाले सवालों के पैटर्न, पेपर के ढांचे और अंकों के वितरण को समझने में मदद मिलेगी। वहीं, मार्किंग स्कीम से छात्रों को यह समझने में मदद मिलेगी कि अलग-अलग प्रश्नों के उत्तर के लिए अंक किस आधार पर दिए जाएंगे।
CBSE ने कक्षा 10 के लिए विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान, अंग्रेजी और हिंदी समेत कई विषयों के सैंपल पेपर और मार्किंग स्कीम उपलब्ध कराई है। कक्षा 12 के लिए भी अकाउंटेंसी, बिजनेस स्टडीज, अर्थशास्त्र, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, गणित, हिंदी, अंग्रेजी और राजनीति विज्ञान सहित कई विषयों के पेपर जारी किए गए हैं।
छात्र सैंपल पेपर डाउनलोड करने के लिए CBSE की अकादमिक वेबसाइट पर जाएं। इसके बाद Sample Question Paper सेक्शन में अपनी कक्षा चुनें। यहां संबंधित विषय के सामने दिए गए SQP लिंक से पेपर और MS लिंक से मार्किंग स्कीम की PDF डाउनलोड की जा सकती है।