बिहार और झारखंड में कर्मा पूजा के बाद विसर्जन के दौरान अलग-अलग हादसों में कुल 17 लोगों की डूबने से मौत हो गई। बिहार में बुधवार को हुए हादसों में 12 लोगों की जान गई, जबकि झारखंड के पलामू जिले में पांच लोगों की मौत हुई। कई लोगों के लापता होने की भी जानकारी सामने आई है।


बिहार के औरंगाबाद जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र के सिंघना गांव में कर्मा पूजा की सामग्री विसर्जित करने गई तीन लड़कियां तालाब में नहाने के दौरान गहरे पानी में चली गईं। उन्हें डूबता देखकर 17 वर्षीय आकांक्षा ने बचाने के लिए तालाब में छलांग लगा दी। उसने तीनों को सुरक्षित बाहर निकाल दिया, लेकिन खुद गहरे पानी में डूब गई। करीब एक घंटे की तलाश के बाद उसका शव बरामद किया गया।


पटना जिले के बाढ़ में दो बच्चों, बख्तियारपुर में तीन किशोरों, मनेर में एक महिला और दो किशोरियों, अथमलगोला में भाई-बहन तथा धनरुआ में एक किशोरी की डूबने से मौत हुई।
वहीं, झारखंड के पलामू में कर्म डाली विसर्जन के दौरान कोयल नदी में हादसा हुआ। एक युवक के डूबने के बाद उसे बचाने के प्रयास में चार अन्य लोग भी नदी में उतर गए। तेज धारा में सभी बह गए। चार शव बरामद किए गए हैं, जबकि एक आठ वर्षीय बच्चा अब भी लापता बताया गया है।


कर्मा पूजा भाई-बहन के प्रेम और प्रकृति की उपासना से जुड़ा पर्व है। इसके समापन पर करम वृक्ष की डाली का नदी या तालाब में विसर्जन किया जाता है।