साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन के छोटे भाई और अभिनेता अल्लू शिरीष हनुमान मंदिर में देर रात तक तेज आवाज में संगीत बजने की शिकायत के बाद चर्चा में हैं। हैदराबाद के एक मंदिर के खिलाफ पुलिस से शिकायत करने पर सोशल मीडिया पर उन्हें आलोचना का सामना करना पड़ा। इसके बाद अभिनेता ने अपनी स्थिति स्पष्ट की है।

AdvertisementThe Puranic

मामला हैदराबाद के शैकपेट इलाके में स्थित विनोबा नगर के हनुमान मंदिर का है। अल्लू शिरीष के मुताबिक, मंदिर में पिछले कई दिनों से रात दो से तीन बजे तक तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। इससे आसपास रहने वाले बुजुर्गों, बच्चों और नौकरीपेशा लोगों को परेशानी हो रही थी।

अभिनेता ने बताया कि उन्होंने पहले फिल्म नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने गणेश विसर्जन के कारण 25 सितंबर तक इंतजार करने को कहा था। हालांकि, त्योहार समाप्त होने के बाद भी तेज संगीत बजना जारी रहा। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर हैदराबाद पुलिस से कार्रवाई की अपील की।

शिकायत को लेकर विवाद बढ़ने पर शिरीष ने स्पष्ट किया कि वह स्वयं भगवान हनुमान के भक्त हैं। उन्हें पूजा-पाठ से कोई आपत्ति नहीं है। उनका विरोध केवल देर रात तेज आवाज में संगीत बजाने को लेकर है। उन्होंने इसे धार्मिक नहीं, बल्कि नागरिक जिम्मेदारी से जुड़ा मुद्दा बताया।

हैदराबाद पुलिस ने उनकी शिकायत का संज्ञान लेते हुए मामला फिल्म नगर थाने के संबंधित अधिकारी को भेज दिया है। अभिनेता ने पुलिस की प्रतिक्रिया के लिए धन्यवाद भी दिया।