अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के दौरान सीमा पर भीषण मुठभेड़ की खबर सामने आई है। अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि नूरिस्तान प्रांत के कामदेश जिले में सुरक्षा बलों ने 28 सशस्त्र लड़ाकों को मार गिराया और 32 को जिंदा पकड़ लिया। इस कार्रवाई में बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी जब्त किए गए हैं।
अफगान रक्षा मंत्रालय के अनुसार, सशस्त्र समूह डूरंड लाइन पार करके अफगानिस्तान में घुसपैठ करने की कोशिश कर रहे थे। इनमें ISIS के सदस्य भी शामिल बताए गए हैं। मंत्रालय ने आरोप लगाया कि इन समूहों को पाकिस्तान की मिलिशिया और खुफिया एजेंसियों का समर्थन प्राप्त था।
अफगान सुरक्षा बलों ने घुसपैठ की जानकारी मिलते ही अभियान शुरू किया। मुठभेड़ के बाद कई लड़ाके वापस सीमा पार भाग गए। इस दौरान कलाश्निकोव राइफलें, मशीनगन, गोला-बारूद, मोबाइल फोन और दूरबीन सहित अन्य सैन्य उपकरण बरामद किए गए।
टोलो न्यूज ने जब्त हथियारों का वीडियो भी साझा किया है। इसमें बड़ी संख्या में राइफलें और गोला-बारूद दिखाई दे रहे हैं। अफगान मंत्रालय का दावा है कि पकड़े गए अधिकांश लड़ाके पूर्व अफगान सैनिक थे, जिन्हें बेहतर वेतन और विदेश में शरण देने का लालच देकर भर्ती किया गया था।
तालिबान सरकार ने क्षेत्रीय देशों से पाकिस्तान की कथित गतिविधियों को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। हालांकि, इन आरोपों और मुठभेड़ में मारे गए लोगों की संख्या की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।


