Adidas Layoffs: स्पोर्ट्सवियर कंपनी एडिडास ने भारत में अपने टेक्नोलॉजी विभाग में कर्मचारियों की संख्या कम करने की पुष्टि की है। गुरुग्राम स्थित इंडिया टेक हब में करीब आधे कर्मचारियों के प्रभावित होने की रिपोर्ट सामने आई है। हालांकि, कंपनी ने छंटनी से प्रभावित कर्मचारियों की सटीक संख्या नहीं बताई है।
रिपोर्टों के अनुसार, एडिडास के गुरुग्राम टेक हब में करीब 700 कर्मचारी काम करते हैं और इनमें से 350 से अधिक कर्मचारियों पर छंटनी का असर पड़ सकता है। प्रभावित पदों में सॉफ्टवेयर इंजीनियर, डेटा साइंटिस्ट और डेटा इंजीनियर जैसे टेक रोल शामिल हैं।
कंपनी ने कहा है कि भारत के टेक्नोलॉजी विभाग में कई पदों को कम करने का यह फैसला व्यवसाय की बदलती जरूरतों के अनुसार ऑपरेटिंग मॉडल को बेहतर ढंग से व्यवस्थित करने के लिए लिया गया है। एडिडास ने प्रभावित कर्मचारियों के योगदान के लिए आभार जताते हुए उन्हें संक्रमण के दौरान सहायता देने की बात कही है।
रिपोर्ट के मुताबिक, कर्मचारियों को 15 सितंबर की टाउन हॉल मीटिंग में बदलावों की जानकारी दी गई। प्रभावित कर्मचारियों को अलग-अलग समूहों में रखा गया है। कुछ को तत्काल एग्जिट लेटर मिला, जबकि कुछ कर्मचारियों को दिसंबर तक कंपनी में बने रहने और काम दूसरे टेक्नोलॉजी केंद्रों को ट्रांसफर करने को कहा गया है।
एडिडास ने हाल के वर्षों में भारत में अपने टेक और बिजनेस ऑपरेशंस का विस्तार किया है। ऐसे में गुरुग्राम टेक हब में यह बदलाव कंपनी के टेक्नोलॉजी ऑपरेशन में महत्वपूर्ण पुनर्गठन को दिखाता है।