उत्तर और दक्षिण कोरिया को अलग करने वाले डिमिलिटराइज्ड जोन (DMZ) में सोमवार को हुए विस्फोट में दक्षिण कोरिया के तीन सैन्य अधिकारी घायल हो गए। यह धमाका पश्चिमी क्षेत्र में मिलिट्री डिमार्केशन लाइन (MDL) के दक्षिण में हुआ। दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ (JCS) के मुताबिक, अधिकारी एक ऑपरेशन के दौरान इलाके में मौजूद थे।
विस्फोट की वजह को लेकर अभी आधिकारिक तौर पर स्थिति स्पष्ट नहीं है। हालांकि, दक्षिण कोरियाई सैन्य अधिकारियों ने बताया कि इसके बारूदी सुरंग से जुड़ा होने की आशंका है। यह भी साफ नहीं है कि अगर यह माइन थी तो उसे किसने बिछाया था। सेना सभी संभावनाओं की जांच कर रही है।
घटना के बाद दो घायल अधिकारियों को हेलीकॉप्टर से अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि तीसरे को पहले जमीन के रास्ते बाहर निकाला गया और बाद में एयरलिफ्ट किया गया। रिपोर्ट के अनुसार, घायलों का इलाज सैन्य अस्पताल में किया जा रहा है। दो अधिकारियों को गंभीर चोटें आई हैं, लेकिन उनकी हालत जानलेवा नहीं बताई गई है।
DMZ दुनिया की सबसे भारी सुरक्षा वाले सीमावर्ती क्षेत्रों में शामिल है और यहां बड़ी संख्या में बारूदी सुरंगें मौजूद हैं। उत्तर कोरिया की ओर से सीमा पर माइन, बाड़ और एंटी-टैंक अवरोध बढ़ाए जाने के बीच यह घटना सामने आई है। हालांकि, इस विस्फोट को सीधे तौर पर उत्तर कोरिया की कार्रवाई से जोड़ने की पुष्टि अभी नहीं हुई है। दक्षिण कोरियाई सेना घटना की जांच कर रही है।