मुंबई एयरपोर्ट पर मंगलवार, 29 सितंबर की शाम तेज हवाओं और खराब मौसम के कारण हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मुंबई जाने वाली आठ उड़ानों को गुजरात के सूरत एयरपोर्ट पर डायवर्ट करना पड़ा। इन विमानों में सवार सभी 1,255 यात्री सुरक्षित हैं।
उड़ानों को डायवर्ट करने का सिलसिला शाम करीब 6:50 बजे शुरू हुआ। सबसे पहले तिरुचिरापल्ली से मुंबई जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-2017 सूरत पहुंची। इसमें 182 यात्री सवार थे। इसके चार मिनट बाद दिल्ली से आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-864 ने भी सुरक्षित लैंडिंग की।
इसके बाद दिल्ली से मुंबई जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2941 को सूरत भेजा गया। इस विमान में 186 यात्री मौजूद थे। चेन्नई, गोवा और बेंगलुरु से मुंबई आने वाली अन्य उड़ानों को भी खराब मौसम के चलते अपना रास्ता बदलना पड़ा।
रात करीब आठ बजे भोपाल से मुंबई जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-5312 सूरत पहुंची। इसमें 204 यात्री सवार थे, जो डायवर्ट की गई सभी उड़ानों में सबसे अधिक थे।
सूरत एयरपोर्ट के डायरेक्टर आनंद नारायण शर्मा ने सभी आठ विमानों की सुरक्षित लैंडिंग की पुष्टि की। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा और आगे की यात्रा के लिए जरूरी व्यवस्थाएं कीं। अधिकारियों के अनुसार, मुंबई में मौसम सामान्य होने और हवाई परिचालन बहाल होने के बाद इन विमानों को दोबारा मुंबई भेजा जाएगा।


