हैदराबाद के एक आईटी प्रोफेशनल की नौकरी से जुड़ी दुविधा सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है। उन्हें भारत में 22 लाख रुपये सालाना पैकेज वाली नौकरी मिली है। वहीं, उनकी मौजूदा कंपनी ने जर्मनी में दो साल काम करने के लिए 48 हजार यूरो सालाना का ऑफर दिया है। अब वह दोनों विकल्पों को लेकर उलझन में हैं।

AdvertisementThe Puranic

32 वर्षीय प्रोफेशनल ने रेडिट पर अपनी परेशानी साझा की। उन्होंने बताया कि उनके पास आईटी सेक्टर में साढ़े आठ साल का अनुभव है। फिलहाल वह हैदराबाद में 11 लाख रुपये सालाना कमाते हैं। नई नौकरी मिलने पर उनका पैकेज दोगुना हो जाएगा।

जर्मनी का ऑफर भी उनके लिए आकर्षक है, लेकिन विदेश में रहने का खर्च उनकी चिंता बढ़ा रहा है। भारत में उनका अपना घर है, इसलिए किराया नहीं देना पड़ता। उनकी पत्नी भी सॉफ्टवेयर डेवलपर हैं और भारत में नौकरी करती हैं।

पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने अलग-अलग राय दी। कुछ यूजर्स ने भारत में 22 लाख रुपये वाली नौकरी चुनने की सलाह दी। उनका कहना था कि जर्मनी में टैक्स, किराया और रोजमर्रा के खर्च के बाद बचत सीमित हो सकती है।

वहीं, कुछ लोगों ने अंतरराष्ट्रीय अनुभव और भविष्य में बेहतर करियर के अवसरों को ध्यान में रखने की बात कही। कई यूजर्स ने पत्नी की नौकरी और जर्मनी में वीजा की शर्तों पर भी सवाल उठाए। फिलहाल प्रोफेशनल ने अपने अंतिम फैसले की जानकारी साझा नहीं की है।