उत्तर प्रदेश सरकार अयोध्या में दीपोत्सव 2026 को भव्य बनाने की तैयारियों में जुट गई है। इस बार आयोजन में नए आकर्षण, सांस्कृतिक कार्यक्रम और पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रदेश में बढ़ती पर्यटन गतिविधियों के बीच होटल और स्थानीय कारोबार को बढ़ावा देने की योजना बनाई गई है।

AdvertisementThe Puranic

मंगलवार को लखनऊ के पर्यटन भवन में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इसमें मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी और अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। बैठक में पर्यटन से जुड़ी आर्थिक गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की गई।

अधिकारियों के अनुसार, मार्च से जून 2026 के दौरान अयोध्या में पर्यटकों की आवाजाही पिछले चार वर्षों की समान अवधि के मुकाबले लगभग 535 प्रतिशत बढ़ी है। इसे देखते हुए दीपोत्सव में नए सांस्कृतिक कार्यक्रम और आकर्षण शामिल करने की तैयारी है।

प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र को लेकर निवेशकों की दिलचस्पी भी बढ़ रही है। वर्ष 2023 से 7 सितंबर 2026 तक होटल, रिसॉर्ट और अन्य पर्यटन कारोबारों के लिए करीब 44,240 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। होटल निर्माण योजनाओं की मंजूरी भी 2023-24 में 205 से बढ़कर 2025-26 में 421 हो गई है।

दीपोत्सव के दौरान भजन संध्या स्थल पर रामलीला और लाइव एक्रोबैटिक प्रस्तुतियां आयोजित करने के सुझाव दिए गए हैं। सरकार तैयार होटलों को जल्द शुरू करने और पर्यटकों के ठहरने की सुविधाएं बढ़ाने पर भी जोर दे रही है।