Apple Pay के भारत आने का लंबे समय से इंतजार कर रहे iPhone यूजर्स के लिए बड़ी खबर है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, Apple अक्टूबर 2026 में भारत में अपनी पेमेंट सर्विस Apple Pay लॉन्च कर सकता है। शुरुआत में Axis Bank के क्रेडिट कार्ड को Apple Pay से जोड़ने की तैयारी है। इसके बाद दूसरे बैंकों को भी प्लेटफॉर्म से जोड़े जाने की संभावना है।


भारत में Apple Pay की एंट्री करीब 12 साल बाद हो रही है। यह सर्विस 2014 में अमेरिका में शुरू हुई थी। भारत में इसके जरिए यूजर्स अपने सपोर्टेड क्रेडिट कार्ड को Apple Wallet में जोड़कर iPhone या Apple Watch से कॉन्टैक्टलेस पेमेंट कर सकेंगे। पेमेंट के लिए डिवाइस को NFC वाले कार्ड मशीन के पास ले जाना होगा और Face ID, Touch ID या पासकोड से पुष्टि करनी होगी।


हालांकि, Apple Pay के भारत में शुरुआती वर्जन में UPI सपोर्ट मिलेगा या नहीं, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार शुरुआत में यह केवल कार्ड पेमेंट तक सीमित रह सकता है। ऐसे में QR कोड स्कैन करके UPI पेमेंट करने के लिए यूजर्स को PhonePe या Google Pay जैसे ऐप्स की जरूरत पड़ सकती है।


Apple की HDFC Bank और ICICI Bank के साथ भी बातचीत की रिपोर्ट सामने आई है। हालांकि, इन बैंकों के साथ शर्तों पर अभी अंतिम सहमति की जानकारी नहीं है। Apple की ओर से भारत लॉन्च की पूरी जानकारी आधिकारिक तौर पर सामने आना बाकी है।