उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ के लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस विभाग के 912 नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इन अभ्यर्थियों का चयन पुलिस उपनिरीक्षक (गोपनीय), सहायक उपनिरीक्षक (लिपिक) और सहायक उपनिरीक्षक (लेखा) पदों के लिए हुआ है। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद चयनित युवाओं की पुलिस विभाग में नई जिम्मेदारी शुरू होगी।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नवचयनित अभ्यर्थियों और अधिकारियों के साथ तस्वीरें और सेल्फी भी खिंचवाईं। उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। इससे पहले भी सार्वजनिक कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री को युवाओं और लोगों के साथ तस्वीरें खिंचवाते देखा गया है।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई दी। अधिकारियों के अनुसार, चयनित अभ्यर्थियों का बुनियादी प्रशिक्षण 6 अक्टूबर से शुरू होगा। इसके बाद संस्थागत और व्यावहारिक प्रशिक्षण पूरा होने पर उन्हें तैनाती दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और युवाओं को रोजगार के अवसर देने पर भी बात की। उन्होंने कहा कि आने वाले छह महीनों में राज्य में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य रखा गया है।