अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप गुरुवार को व्हाइट हाउस में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और उनकी पत्नी पेंग लियुआन के सम्मान में स्टेट डिनर आयोजित करेंगे। एक दशक से अधिक समय बाद जिनपिंग की व्हाइट हाउस यात्रा को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं।
मेलानिया ट्रंप ने डिनर का मेन्यू जारी किया है, जिसमें अमेरिकी व्यंजनों के साथ चीनी खानपान की झलक दिखाई देगी। कार्यक्रम की शुरुआत श्राम्सबर्ग ब्लैंक डी नोयर स्पार्कलिंग वाइन से होगी। यही वाइन 1972 में अमेरिकी राष्ट्रपति रिचर्ड निक्सन की ऐतिहासिक चीन यात्रा के दौरान परोसी गई थी।
डिनर के पहले कोर्स में येलो स्क्वैश वेलूते, जंगली मशरूम और क्रिस्पी पैन्सेटा शामिल होंगे। दूसरे कोर्स में तिल की परत वाली सी बास मछली, बेबी बोक चॉय और भुने हुए बैंगन परोसे जाएंगे।
मिठाई में वनीला क्रेम्यू, चेरी कॉन्फिट और व्हाइट हाउस के शहद से बनी आइसक्रीम शामिल होगी। डिनर की सजावट में चीन की संस्कृति को ध्यान में रखते हुए लाल फूलों और लाल मेजपोश का इस्तेमाल किया जाएगा।
कार्यक्रम में अमेरिकी सैन्य बैंड और गायक क्रिस्टोफर मैकियो प्रस्तुतियां देंगे। दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों के अलावा प्रमुख कारोबारी भी इसमें शामिल होंगे।
जिनपिंग की यह यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब अमेरिका और चीन के बीच व्यापार, ताइवान, ईरान और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे मुद्दों पर मतभेद हैं। ट्रंप ने संकेत दिया है कि दोनों नेताओं की बातचीत में सुपर इंटेलिजेंस भी महत्वपूर्ण विषय रहेगा।

