भारत की पुरुष और महिला कबड्डी टीमें 21 सितंबर से एशियन गेम्स 2026 में अपने खिताब का बचाव करने उतरेंगी। दोनों टीमों ने हांगझोऊ 2022 में स्वर्ण पदक जीता था और इस बार भी उनकी नजरें गोल्ड मेडल पर हैं। कबड्डी प्रतियोगिता 21 से 26 सितंबर तक टोकाई सिटीजन्स जिम्नेजियम में खेली जाएगी।


भारतीय पुरुष टीम अपने अभियान की शुरुआत मेजबान जापान के खिलाफ करेगी। भारत को ग्रुप ए में जापान, दक्षिण कोरिया, चीन ताइपे और बांग्लादेश के साथ रखा गया है। ग्रुप बी में ईरान, नेपाल, थाईलैंड, पाकिस्तान और मलेशिया हैं। भारत और ईरान की टीमें पुरुष वर्ग में अलग-अलग ग्रुप में हैं, इसलिए दोनों का मुकाबला फाइनल में ही हो सकता है।


महिला टीम का पहला मुकाबला बांग्लादेश से होगा। भारत को ग्रुप ए में ईरान, जापान और बांग्लादेश के साथ जगह मिली है। महिला टीम का 23 सितंबर को ईरान से मुकाबला होगा। ग्रुप बी में चीन ताइपे, श्रीलंका, थाईलैंड और नेपाल हैं।


भारत की महिला टीम ने एशियन गेम्स में अब तक चार संस्करणों में हिस्सा लिया है और तीन बार स्वर्ण तथा एक बार रजत पदक जीता है। पुरुष टीम के लिए ईरान और दक्षिण कोरिया जैसी टीमें चुनौती पेश कर सकती हैं।


भारत के पुरुष और महिला दोनों वर्गों में सेमीफाइनल 25 सितंबर और फाइनल 26 सितंबर को खेले जाएंगे। पुरुष फाइनल दोपहर 2:30 बजे और महिला फाइनल सुबह 9:30 बजे शुरू होगा।